ChhattisgarhRegion

महापौर ने नगर पालिक निगम में 39.63 लाख के घाटे का पेश किया अनुमानित बजट

Share

जगदलपुर। नगर पालिक निगम जगदलपुर द्वारा सोमवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 का अनुमानित बजट प्रस्तुत किया । बजट सत्र की शुरुआत से पहले ही विभिन्न मुद्दों को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते बहस तेज हो गई और माहौल गरमा गया। पार्षदों के बीच नोकझोंक और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा, जिससे सभा का संचालन प्रभावित हुआ। कुछ समय के लिए कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। हंगामे के चलते नगर निगम के निर्धारित एजेंडे पर चर्चा नहीं हो सकी।
कुछ अंतराल के बाद महापौर संजय पांडे ने बजट प्रस्तुत किया, प्रस्तुत बजट में निगम की अनुमानित आय 24053.21 लाख तथा कुल व्यय 24092.84 लाख निर्धारित किया गया है। इस प्रकार बजट में 39.63 लाख का घाटा अनुमानित है। महापौर संजय पांडे ने स्पष्ट किया कि जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने के बजाय प्रभावी प्रशासन, पारदर्शिता और राजस्व संवर्धन के माध्यम से निगम की आय बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। इसके लिए 3000 लाख का प्रावधान किया गया है।
महापौर संजय पांडे ने बताया कि किराया, विज्ञापन, होर्डिंग, एलईडी डिस्प्ले, फ्लेक्स विज्ञापन एवं दुकानों के निर्माण जैसे माध्यमों से राजस्व बढ़ाने की योजना बनाई गई है। शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए भी बजट में 3000 लाख का प्रावधान रखा गया है। इसके अंतर्गत पाइप लाइन विस्तार, पुरानी लाइनों की मरम्मत तथा पेयजल आपूर्ति नेटवर्क को मजबूत किया जाएगा। अमृत मिशन के तहत चल रहे कार्यों में तेजी लाते हुए आगामी 1 से 2 माह में प्रथम चरण पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे लगभग 60 प्रतिशत आबादी को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। इसी प्रकार स्वच्छता एवं सफाई व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए 1000 लाख का प्रावधान किया गया है। इसके तहत आधुनिक सफाई वाहन एवं उपकरणों की खरीद, घर-घर डस्टबिन वितरण तथा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को 100 प्रतिशत सुनिश्चित करने की योजना है।
उन्होने बताया कि निगम का लक्ष्य स्वच्छ सर्वेक्षण में जगदलपुर को देश के शीर्ष 10 शहरों में स्थान दिलाना है। इसके अलावा विद्युत व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण हेतु 300 लाख का प्रावधान किया गया है। बजट में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को मजबूत करने तथा नए क्षेत्रों में विस्तार पर विशेष जोर दिया गया है। महापौर ने कहा कि यह बजट शहर के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनता को राहत देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। निगम का अंतिम लक्ष्य जगदलपुर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आत्मनिर्भर शहर बनाना है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button