पुणे के आचार्य रामनाथ की वाल्मिकी रामायण कथा 28 से

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल में 28 मार्च से एक अप्रैल तक छत्रपति शिवाजी महाराज सभागृह (मिनी हाल) में वाल्मिकी रामायण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर आध्यात्मिक समिति की पदाधिकारियों की मंडल में शाम को हुई बैठक में जिम्मेदारी सौंपी गई। 28 मार्च को कथावाचक रामनाथ रामचंद्र अय्यर के आगमन से लेकर दो अप्रैल को हनुमान जयंती पर होने वाले नारदीय कीर्तन तक की रूपरेखा तैयार कर विभिन्न समितियां बनाई और इनके पदाधिकारी मनोनीत कर उन्हें काम सौंपे गए।
सचिव चेतन दंडवते ने बताया कि इस पांच दिवसीय आयोजन में बुवा पुणे से पधारे आचार्य रामनाथ श्रद्धालुओं और श्रोताओं को प्रभु श्रीराम के प्रेरक प्रसंगों पर प्रवचन देंगे। आचार्य रामनाथ मराठी, हिंदी, अंग्रेजी के अच्छे जानकार हैं और इन भाषाओं में धाराप्रवाह प्रवचन करते हैं। महाराष्ट्र मंडल में वे हिंदी में रामकथा कहेंगे। आध्यात्मिक समिति की प्रभारी आकांक्षा गद्रे ने कहा कि रामकथा के दूसरे दिन 29 मार्च को अपर्णा कालेले निर्देशित बाल नाटक उत्तर रामायण का मंचन किया जाएगा। बाल नाटक के बाद विवेक रहाटगांवकर द्वारा रचित और साधना राहटगांवकर की ओर से स्वरबद्ध महाराष्?ट्र मंडल के गीत को रिलीज किया जाएगा। साथ ही रामकथा के दौरान महाराष्?ट्र मंडल के सभी महिला केंद्रों की ओर प्रतिदिन भजन किया जाएगा।
आध्यात्मिक समिति की समन्वयक आस्था काले के अनुसार 28 अप्रैल को कथावाचक रामनाथ रामचंद्र अय्यर ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस से रायपुर पहुंचेंगे। स्टेशन में उनके स्वागत के लिए मंडल अध्यक्ष अजय मधुकर काले, मुख्य समन्वयक श्याम सुंदर खंगन और आर्टिसन अजय पोतदार जाएंगे। इस मौके पर अध्यक्ष अजय काले, मुख्य समन्वयक श्याम सुंदर खंगन, बाल वाचनालय- उद्यान शंकर नगर की प्रभारी रेणुका पुराणिक, आध्यात्मिक समिति की प्रमुख सृष्टि दंडवते, कला संस्कृति समिति के प्रभारी अजय पोतदार, संध्या खंगन, चौबे कॉलोनी केंद्र की संयोजिका अक्षता पंडित, वैशाली पुरोहित सहित अनेक पदाधिकारी व सभासद बैठक में शामिल रहे।







