250 मिलियन टन फ्रेट लोडिंग का आंकड़ा, पिछले वर्ष से 9 दिन पहले किया हासिल, माल लदान में दपूमरे की उपलब्धि

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने माल परिवहन के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्टता को एक बार फिर सिद्ध करते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 19 मार्च को रिकॉर्ड समय में 250 मिलियन टन फ्रेट लोडिंग का आंकड़ा पार कर कीर्तिमान स्थापित किया।
विशेष उल्लेखनीय है कि यह उपलब्धि पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 की तुलना में 9 दिन पहले हासिल की गई है, जो दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की निरंतर बढ़ती परिचालन क्षमता, बेहतर योजना एवं प्रभावी क्रियान्वयन का सशक्त प्रमाण है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा इस प्रकार लगातार रिकॉर्ड समय में फ्रेट लोडिंग के लक्ष्यों को प्राप्त करना, भारतीय रेलवे में उसकी अग्रणी स्थिति को और अधिक सुदृढ़ करता है। यह उपलब्धि न केवल माल परिवहन के क्षेत्र में दक्षता को दर्शाती है, बल्कि उद्योगों, ऊर्जा क्षेत्र एवं देश की अर्थव्यवस्था को गति देने में रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित करती है।
इस उपलब्धि के पीछे आधुनिक लोडिंग अवसंरचना, ग्राहक-केंद्रित नीतियाँ, डिजिटल पहल तथा विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। साथ ही, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में अधोसंरचना विकास के कार्य भी तीव्र गति से किए जा रहे हैं। बिलासपुर-झारसुगुड़ा के मध्य चौथी रेल लाइन तथा राजनांदगांव-नागपुर के बीच तीसरी रेल लाइन का कार्य अंतिम चरण में है, वहीं बिलासपुर-नागपुर के मध्य चौथी रेल लाइन का कार्य भी चरणबद्ध रूप से प्रगति पर है। माल परिवहन के साथ-साथ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। त्योहारों, छुट्टियों एवं अन्य विशेष अवसरों पर होने वाली अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यात्रियों को अधिकाधिक आरक्षित बर्थ एवं सीट उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष ट्रेनों का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है।
तरुण प्रकाश, महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रेरणा में यह उपलब्धि संभव हो सकी है। यह दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की निष्ठा, समर्पण एवं टीमवर्क का प्रतीक है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सुरक्षित, विश्वसनीय एवं कुशल माल परिवहन सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।







