ChhattisgarhRegion

डोंगरगढ़ नवरात्रि मेला: श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की व्यापक व्यवस्थाएँ

Share


रायपुर/बिलासपुर।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर डोंगरगढ़ में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध माँ बम्लेश्वरी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक एवं विशेष व्यवस्थाएँ की गई हैं। रेलवे प्रशासन द्वारा इस अवधि में यात्रियों की संभावित अत्यधिक भीड़ को ध्यान में रखते हुए परिचालन, यात्री सुविधाओं तथा सुरक्षा से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियाँ समयपूर्व सुनिश्चित की गई हैं।
मेले के दौरान देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए अनेक महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव डोंगरगढ़ स्टेशन पर प्रदान किया गया है, जिससे यात्रियों को सीधे गंतव्य तक पहुँचने में सुविधा हो। इसके साथ ही कई ट्रेनों का विस्तार भी किया गया है, ताकि अधिकाधिक क्षेत्रों से रेल संपर्क सुनिश्चित किया जा सके। विशेष रूप से क्षेत्रीय यात्रियों की सुविधा के लिए डोंगरगढ़ के लिए मेमू स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, जिससे निकटवर्ती स्टेशनों एवं शहरों से आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को त्वरित एवं किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सके।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में अतिरिक्त टिकट काउंटर, पूछताछ सेवाओं की सुदृढ़ व्यवस्था, प्लेटफॉर्म पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। रेलवे कर्मियों की विशेष तैनाती कर यात्रियों को मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा डोंगरगढ़ स्टेशन पर समुचित एवं सुदृढ़ चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। स्टेशन परिसर में प्राथमिक उपचार केंद्र स्थापित किया गया है, जहाँ आवश्यक दवाइयों एवं उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। किसी भी आपात स्थिति से त्वरित रूप से निपटने के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की गई है।
चिकित्सा सेवाओं को प्रभावी बनाए रखने के लिए चौबीसों घंटे डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इसके अतिरिक्त, स्वास्थ्यकर्मियों की अलग-अलग शिफ्टों में तैनाती सुनिश्चित कर निरंतर सेवाएँ प्रदान की जा रही हैं, जिससे मेले की पूरी अवधि के दौरान चिकित्सा व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं संतोषजनक यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है। रेलवे प्रशासन द्वारा की गई ये समुचित व्यवस्थाएँ न केवल श्रद्धालुओं की यात्रा को सहज एवं सुरक्षित बनाएंगी, बल्कि उन्हें एक सुखद एवं व्यवस्थित यात्रा अनुभव भी प्रदान करेंगी।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button