अंतागढ़ मार्ग पर लगा नो पार्किंग बोर्ड से हादसे का खतरा

कांकेर। जिले के अंतागढ़ मार्ग पर यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से लगाया गया नो पार्किंग बोर्ड अब स्वयं ही समस्या बन गया है। हैरानी की बात यह है कि यह बोर्ड सड़क के किनारे न लगाकर सीधे सड़क के ऊपर ही स्थापित कर दिया गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही कभी भी बड़े हादसे को जन्म दे सकती है ।
तेज रफ्तार से आने वाले वाहन चालक अचानक सामने आए बोर्ड से टकरा सकते हैं, खासकर रात के समय जोखिम और बढ़ जाता है। नागरिकों ने इस अव्यवस्थित व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए नगर पंचायत प्रशासन और पुलिस विभाग से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। उनका कहना है कि यातायात को सुगम बनाने के बजाय इस तरह की गलत प्लानिंग से खतरा और बढ़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत सीएमओ और पुलिस प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द इस नो पार्किंग बोर्ड को सुरक्षित स्थान पर लगाया जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके और आमजन को राहत मिल सके।







