छत्तीसगढ़ में निवासरत राष्ट्रपति के सेना और पुलिस पदक विजेताओं को नई सुविधाएं देने छग सरकार कर रहा विचार

रायपुर। उपमुख्यमंत्री व गृहमंत्री विजय शर्मा ने गुरुवार को सदन में घोषणा की कि छत्तीसगढ़ में निवासरत राष्ट्रपति के सेना और पुलिस पदकों के विजेताओं को नई सुविधाएं देने विचार किया जाएगा। यह घोषणा भाजपा के विधायक रामकुमार टोप्पो के प्रश्न के उत्तर में दिए। यहां बता दें कि रामकुमार टोप्पो भारतीय सेना के रिटायर्ड जवान भी है और वे वीरता पदक प्राप्त कर चुके हैं।
गुरुवार को प्रश्नकाल में भाजपा के रामकुमार टोप्पो ने जानना चाहा कि छत्तीसगढ़ में वीरता सम्मान में कितनी राशि दी जाती है और राष्ट्रपति के वीरता पदक विजेताओं का चयन करने की आधिकारिता किसके पास है। गृहमंत्री शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा चयन किया जाता है। मेरे लिखित उत्तर में पुलिस कर्मियों की वीरता के दो पदकों राष्ट्रपति पुलिस पदक और पुलिस पदक का उल्लेख नहीं है। ये भी दिए जाते हैं। टोप्पो ने पूछा कि क्या ये पदक छत्तीसगढ़ में नहीं दिए जाते हैं? गृह मंत्री ने कहा कि लिखित प्रश्न के अनुरूप ही उत्तर दिया गया है। टोप्पो ने पदक विजेताओं को दी जाने वाली राशि की जानकारी मांगी। श्री शर्मा ने कहा कि राष्ट्रपति पुलिस पदक में विजेता को हर महीने 6 हजार रुपए, पुलिस पदक विजेताओं को 2000 रूपए हर माह वेतन में जोड़ कर आजीवन दिया जाता है। इसी तरह से छत्तीसगढ़ शौर्य पदक विजेता को 1500 रूपए प्रतिमाह। कोई भी राशि एक मुश्त नहीं दी जाती है। इस पर भविष्य में विचार करेंगे। टोप्पो ने छत्तीसगढ़ में निवासरत वीरता पदक विजेता सैन्य पुलिस अधिकारी कर्मियों को भूमि आबंटन, बिजली बिल, बस किराए में छूट, स्वास्थ्य सुविधा, बच्चों की पढ़ाई, जमीन भवन खरीदी में छूट जैसे नए प्रावधान करेंगे क्या? गृह मंत्री ने कहा कि ऐसे सभी विषयों पर श्री टोप्पो के साथ बैठक कर विचार किया जाएगा।







