रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में तीन सफाई कर्मचारियों की मौत, एफआईआर दर्ज और परिवारों को 30 लाख मुआवजा

राजधानी रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में हुए दर्दनाक हादसे में तीन सफाई कर्मचारियों की मौत के मामले में पुलिस ने घटना के 24 घंटे बाद टिकरापारा थाना क्षेत्र में सफाई ठेकेदार किशन सोनी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा के तहत FIR दर्ज की है। इस बीच राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल बीती रात रायपुर पहुंचे और सुबह पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर घटना की पीड़ा को समझा। उन्होंने संतोषी नगर स्थित BSUP कॉलोनी, सिमरन सिटी में मृतक कर्मचारियों के परिवारों से बातचीत की और घटना स्थल का जायजा लिया। हरदीप सिंह ने बताया कि अस्पताल में कई खामियां पाई गई हैं और नगर निगम को भी सूचित किया जाना चाहिए था। सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार, हादसे में मृत कर्मचारियों के परिवार को तुरंत 30 लाख रुपए का मुआवजा दिया गया है, साथ ही उनकी नौकरी और पुनर्वास के लिए सरकारी जिम्मेदारियां पूरी की जाएंगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी और शिकायत आने पर आयोग निष्पक्ष जांच और कार्रवाई करेगा।







