लिंगो घोटुल मांदरी नृत्य दल अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला का प्रदर्शन करेगा

कोंडागांव। जिले का लिंगो घोटुल मांदरी नृत्य दल अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला का प्रदर्शन करेगा। यह दल नई दिल्ली में आयोजित भारत ट्राइब फेस्ट-2026 में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करेगा। कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना के मार्गदर्शन में इस दल ने राज्य स्तरीय शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति लोक कला महोत्सव में प्रथम स्थान प्राप्त किया था।
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर अंबिकापुर में आयोजित राज्य स्तरीय शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति लोक कला महोत्सव में दल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया था। इस उपलब्धि के लिए देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों दल को सम्मानित भी किया गया था। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग कृपेन्द्र तिवारी ने बताया कि भारत ट्राइब फेस्ट का आयोजन उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज करेगा। यह उत्सव 18 मार्च से 21 मार्च 2026 तक सुंदर नर्सरी, नई दिल्ली में आयोजित होगा। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ सहित 7 राज्यों के कलाकार विभिन्न जनजातीय कलाओं का प्रदर्शन करेंगे। इस आयोजन में कोंडागांव जिले के ग्राम राहटीपारा, बालेंगा का मांदरी नृत्य दल छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेगा।
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने मांदरी नृत्य दल के कलाकारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इसे कोंडागांव जिले के लिए गर्व का विषय बताया, जहां के लोक कलाकार राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि कलाकार अपनी प्रस्तुति से बस्तर की समृद्ध लोक संस्कृति को देशभर में नई पहचान दिलाएंगे और राज्य व जिले का नाम रोशन करेंगे।







