छत्तीसगढ़ में कमर्शियल LPG की संभावित कमी, होटल-रेस्टोरेंट संचालकों को एडवाइजरी जारी

प्रदेश में कमर्शियल LPG सिलेंडर की संभावित कमी को देखते हुए छत्तीसगढ़ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने राज्य के सभी होटल, रेस्टोरेंट और फूड व्यवसाय संचालकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एसोसिएशन ने संचालकों से अपील की है कि वे घबराहट में गैस सिलेंडर का अनावश्यक भंडारण न करें और संयम बनाए रखें। एडवाइजरी में कहा गया है कि सीमित गैस सप्लाई के बीच किचन के जरूरी ऑपरेशन और आवश्यक मेन्यू आइटम्स को प्राथमिकता दी जाए, ताकि ग्राहकों को जरूरी सेवाएं मिलती रहें। जहां संभव हो, वहां इंडक्शन चूल्हा, इलेक्ट्रिक राइस कुकर जैसे इलेक्ट्रिक कुकिंग उपकरणों का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है, जिससे LPG पर निर्भरता कम हो सके। एसोसिएशन के अध्यक्ष तरनजीत सिंह होरा ने बताया कि गैस सप्लाई की स्थिति को लेकर अधिकारियों और सप्लायर्स से लगातार संपर्क किया जा रहा है और जल्द समाधान की उम्मीद है। जरूरत पड़ने पर PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) जैसे वैकल्पिक ईंधन पर भी विचार करने की सलाह दी गई है।







