मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बीएसएस प्रणवानंद स्कूल के हेरिटेज म्यूजियम का किया अवलोकन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित बीएसएस प्रणवानंद स्कूल परिसर पहुंचकर भारत माता की मूर्ति और भारत सेवाश्रम संघ के संस्थापक स्वामी प्रणवानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल परिसर में स्थापित कल्चरल एंड हेरिटेज म्यूजियम का अवलोकन किया, जहां स्कूल के सचिव स्वामी शिवरूपानंद महाराज ने उन्हें संग्रहालय का विस्तृत भ्रमण कराया। मुख्यमंत्री ने संग्रहालय में प्रदर्शित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, ऋषि-मुनियों और भारत सेवाश्रम संघ द्वारा संचालित मानव कल्याण से जुड़े कार्यों की जानकारी ली और इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्कूली बच्चों को भारत के समृद्ध इतिहास, महान चिंतकों, धर्म प्रवर्तकों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान से परिचित कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भारत की सभ्यता और संस्कृति अत्यंत प्राचीन और गौरवशाली रही है, जिसे ऋषि-मुनियों, विद्वानों और महापुरुषों ने अपने ज्ञान, तप और त्याग से समृद्ध बनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई पीढ़ी को अपने इतिहास, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ना जरूरी है, इससे बच्चों में राष्ट्र और मूल्यों के प्रति गर्व की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम के दौरान स्वामी शिवरूपानंद महाराज ने मुख्यमंत्री साय को शॉल और स्मृति-चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि इस संग्रहालय में महर्षि वेदव्यास, विश्वामित्र, सुश्रुत, कणाद, आर्यभट्ट, रामानुजाचार्य, स्वामी विवेकानंद, राजा राममोहन राय, पृथ्वीराज चौहान, रानी लक्ष्मीबाई, खुदीराम बोस, महर्षि दयानंद और भगवान बिरसा मुंडा सहित अनेक महान विभूतियों की प्रतिमाएं उनके जीवन परिचय के साथ स्थापित की गई हैं। इस अवसर पर प्राचार्य आनन्दिता घोष, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







