ChhattisgarhPoliticsRegion

उप मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में PWD की बड़ी लापरवाही उजागर, 206.37 लाख की सड़क योजना महीनो से ठप

Share


कवर्धा। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लोहारा ब्लॉक अंतर्गत खोलवा से कुम्हारी मार्ग (2.30 किलोमीटर) पुल-पुलिया सहित निर्माण कार्य पिछले दो महीनों से पूरी तरह बंद पड़ा है, जबकि इस योजना के लिए 206.37 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की गई है और 4 माह में कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य तय किया गया है।
यह निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग (PWD विभाग) के अधीन कराया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि मौके पर सन्नाटा पसरा है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग ने ठेकेदार के नाम से नोटिस जारी कर केवल कागजी कार्रवाई पूरी कर ली, जबकि काम दोबारा शुरू कराने को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई।

नाली निर्माण में भी घोटाले की बू
इसी मार्ग में नाली निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद विभागीय अधिकारी द्वारा निर्माण कार्य तुड़वाए जाने की जानकारी सामने आई है। सवाल यह उठता है कि यदि कार्य मानक के अनुरूप नहीं था तो निगरानी किसकी थी? क्या बिना जांच के भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई? और यदि गड़बड़ी थी तो जिम्मेदारों पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं?
समय-सीमा खतरे में, जनता परेशान
निर्धारित 4 माह की समय-सीमा में से आधा समय बीत चुका है, लेकिन कार्य की प्रगति नगण्य है। जबकि कार्य प्रारंभ 4 जून 2025 में आरंभ हुआ था जबकि अब पूरे एक साल होने वाला है। अधूरी सड़क और पुल-पुलिया के कारण क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात से पहले यदि निर्माण पूरा नहीं हुआ तो स्थिति और विकट हो सकती है।
क्षेत्रवासियों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच, कार्य की तकनीकी समीक्षा और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह है कि करोड़ों की इस योजना में हुई कथित लापरवाही पर प्रशासन कब तक मौन रहता है।
वर्सन…
ठेकेदार कार्य मे लापरवाही बरत रहे है, कार्य शुरू करने नोटिस जारी किया गया है। नाली निर्माण में शिकायत मिली थी जिसे तुड़वाकर फिर से करने निर्देश दिया गया है।
रंजीत, ईई पीडब्ल्यूडी, कबीरधाम

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button