अग्निवीर भर्ती 2027 के लिए ऑनलाइन पंजीयन प्रारंभ, 1 अप्रैल तक होगा रजिस्ट्रेशन

भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती वर्ष 2027 के लिए ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी Join Indian Army की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर जाकर 01 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। इस भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) जुलाई–अगस्त 2026 में आयोजित किया जाएगा, जिसमें सफल अभ्यर्थियों को जनवरी 2027 में आयोजित होने वाली रैली के लिए आमंत्रित किया जाएगा। भर्ती कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य को आवंटित अग्निवीर पदों की संख्या पंजीयन की संख्या के अनुपात में निर्धारित होती है। विगत तीन वर्षों में वर्ष 2023-24 में 14,153 पंजीयन पर 895 पद, वर्ष 2024-25 में 19,355 पंजीयन पर 731 पद तथा वर्ष 2025-26 में 28,547 पंजीयन दर्ज किए गए हैं। इस आधार पर वर्ष 2027 के लिए छत्तीसगढ़ को लगभग 1100 से 1300 पद आवंटित होने की संभावना व्यक्त की गई है।







