Chhattisgarh
गरियाबंद में शादी समारोह के बाद फूड पॉइजनिंग44 ग्रामीण बीमार, स्वास्थ्य विभाग ने किया उपचार शुरू

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में फूड पॉइजनिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दो ग्राम पंचायतों के 44 ग्रामीण शादी के चौथिया कार्यक्रम में भोजन करने के बाद अचानक बीमार पड़ गए। ग्राम पंचायत आमदी (द) के मोहलाई के 17 और ग्राम पंचायत दर्रीपारा के बोइरगांव के 27 ग्रामीण प्रभावित हुए हैं। गांव लौटने के बाद सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हुई। मामले की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने हरकत में आते हुए उपस्वास्थ्य केंद्र कोसमी में शिविर लगाकर सभी मरीजों का इलाज शुरू किया। स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा प्राथमिक उपचार के साथ आवश्यक दवाइयां दी जा रही हैं और टीम प्रभावित गांवों में पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। सीएमओ वीएस नवरत्न ने बताया कि अब तक 40 से ज्यादा लोगों का उपचार किया गया है और स्थिति नियंत्रण में है।






