मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी में रैगिंग मामले को लेकर बड़ी कार्रवाई

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी में रैगिंग मामले को लेकर बड़ी कार्रवाई की गई है। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने 6 छात्रों को सस्पेंड कर दिया है और उन्हें 6 महीने तक क्लास और हॉस्टल में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है। यदि छात्र इस अवधि में क्लास या हॉस्टल में दिखाई दिए, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामला तब सामने आया जब जवाहर हॉस्टल में रहने वाले प्रथम वर्ष के एक छात्र ने एंटी रैगिंग शिकायत दर्ज कराई, जिसमें सीनियर छात्रों के खिलाफ आरोप थे। शिकायत मिलने के बाद विश्वविद्यालय की जांच कमेटी परिसर पहुंची, और जांच के दौरान परिसर से गांजे की गंध मिलने पर हड़कंप मच गया। इसके बाद कमेटी ने जिम्मेदार सीनियर छात्रों को फटकार लगाई और ऋषि मिश्रा, आशीष शुक्ला, अहमद खान, कार्तिक कुशवाहा और हर्ष चतुर्वेदी सहित छह छात्रों को निलंबित किया। बीयू प्रबंधन ने रैगिंग के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी अनैतिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और छात्रों से अपील की कि अगर कोई रैगिंग या अनुचित व्यवहार देखे तो तुरंत इसकी शिकायत करें। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले छात्रों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







