सिहोरा के आजाद चौक में देर रात बवाल, पथराव के बाद क्षेत्र में तनाव

जबलपुर जिले के सिहोरा ब्लॉक के आजाद चौक में देर रात उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब दुर्गा मंदिर में एक युवक के साथ मारपीट कर मंदिर की ग्रिल को नुकसान पहुंचाया गया। घटना के बाद दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते क्षेत्र में पथराव शुरू हो गया। सूचना मिलते ही सिहोरा थाना पुलिस सहित आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए गए। आजाद चौक को पहले से अतिसंवेदनशील क्षेत्र माना जाता है, जहां दुर्गा मंदिर और मस्जिद आमने-सामने स्थित हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के समय मंदिर में आरती और मस्जिद में नमाज लगभग एक साथ चल रही थी, इसी दौरान विवाद बढ़कर हिंसक रूप ले बैठा। पत्थरबाजी का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है तथा क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर शांति बनाए रखने की अपील की है।







