ChhattisgarhRegion

रतनपुर में पूर्णत: केंद्रीय सहायता प्राप्त डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट को स्वीकृति – साहू

Share

रायपुर/ नई दिल्ली। तोखन साहू, आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री, ने आज घोषणा की कि आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय रतनपुर, छत्तीसगढ़ में एक अग्रणी डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट को स्वीकृति प्रदान करने जा रहा। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के अंतर्गत विकसित यह परियोजना भारत के आवास क्षेत्र में हरित एवं उभरती प्रौद्योगिकियों को मुख्यधारा में लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें छत्तीसगढ़ इनके क्रियान्वयन का प्रमुख प्रदर्शन केंद्र बनेगा।
यह परियोजना 100 प्रतिशत केंद्रीय वित्तपोषण के साथ लागू की जाएगी, जिसमें पूर्ण केंद्रीय सहायता तथा लगभग 10 करोड़ का अनुमानित निवेश होगा। परियोजना के अंतर्गत अभिनव, आपदा-रोधी एवं टिकाऊ प्रौद्योगिकियों का उपयोग करते हुए अधिकतम 40 उच्च-गुणवत्ता वाले आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।
पारंपरिक स्वामित्व मॉडल के विपरीत, ये इकाइयाँ सामाजिक उद्देश्यों के लिए निर्धारित होंगी तथा सामुदायिक उपयोग और सिद्ध शक्ति पीठ माता महामाया के पवित्र दर्शन हेतु राज्य एवं देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं/तीर्थयात्रियों के लिए उपयोग में लाई जाएँगी। इस पहल से स्थानीय अवसंरचना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन और सामुदायिक कल्याण को बढ़ावा मिलने की अपेक्षा है।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए श्री साहू ने कहा यह पहल अभिनव, टिकाऊ और किफायती आवास समाधानों को बढ़ावा देने के हमारे सतत प्रयासों का प्रतीक है। रतनपुर नई पीढ़ी की निर्माण प्रौद्योगिकियों के लिए लाइव लैबोरेटरी के रूप में कार्य करेगा, जिससे तेज़ निष्पादन, बेहतर संरचनात्मक गुणवत्ता और उच्च लागत-दक्षता सुनिश्चित होगी।
उन्होंने आगे कहा कि ऐसी परियोजनाएँ सभी के लिए आवास के लक्ष्य के अनुरूप हैं और पारंपरिक ईंट-गारे के तरीकों के स्थान पर वैकल्पिक निर्माण सामग्रियों की व्यवहार्यता को सिद्ध कर समावेशी शहरी विकास को गति देती हैं। परियोजना का औपचारिक प्रस्ताव अंतिम स्वीकृति हेतु केंद्रीय स्वीकृति एवं निगरानी समिति को प्रस्तुत किया जा चुका है। बिल्डिंग मटेरियल्स एंड टेक्नोलॉजी प्रमोशन काउंसिल विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन की तैयारी का नेतृत्व कर रही है, ताकि निर्माण हरित आवास के उच्चतम वैश्विक मानकों के अनुरूप हो। कार्बन फुटप्रिंट और निर्माण अवधि में कमी लाने वाली प्रौद्योगिकियों के उपयोग—12-15 महीनों में लक्षित पूर्णता के साथ—रतनपुर परियोजना के छत्तीसगढ़ तथा देश के भविष्य के शहरी आवास के लिए एक आदर्श मॉडल बनने की उम्मीद है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button