मध्यप्रदेश बजट सत्र का पहला दिन हंगामेदार, राज्यपाल ने दिया अभिभाषण

मध्यप्रदेश विधानसभा में सोमवार को बजट सत्र की शुरुआत हंगामे के साथ हुई। कार्यवाही की शुरुआत संपूर्ण छह छंदों में वंदे मातरम् के गायन से हुई, जिसके बाद राज्यपाल मंगु भाई पटेल ने अपना अभिभाषण दिया। राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्ष ने हंगामा किया, जिससे कार्यवाही अगले दिन सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। अपने संबोधन में राज्यपाल ने सरकार की विकास उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया और कहा कि हम ऐसी दहलीज पर खड़े हैं जिसे मोदी सरकार ने ‘अमृत काल’ की संज्ञा दी है। उन्होंने उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण, भोपाल में हुई ग्लोबल इन्वेस्टर समिट और 2047 तक मध्यप्रदेश को 2 ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाने के संकल्प का जिक्र किया। इसके अलावा राज्यपाल ने 2026 को कृषि वर्ष के रूप में मनाने, पीएम जनमन के तहत 1 लाख 35 हजार आवास बनाने, उज्जैन में मां शिप्रा को प्रदूषण मुक्त बनाने और नई शिक्षा नीति के तहत किए गए कामों का भी उल्लेख किया। हालांकि, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने हंगामा करते हुए राज्यपाल को टोका और कहा कि नलजल योजना और इंदौर में दूषित जल से हुई मौत का मुद्दा संबोधन में नहीं शामिल किया गया। विपक्ष के हंगामे के बीच राज्यपाल का अभिभाषण समाप्त हुआ और इस पर चर्चा कल से होगी।







