भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर हमला 2014 से पहले के कर्ज से तीन गुना ज्यादा अब

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भारत की मौजूदा अर्थव्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में देश पर कितना कर्ज था और वर्तमान में यह कितना बढ़ गया है, इसकी तुलना की जानी चाहिए। भूपेश बघेल का दावा है कि 2014 से पहले जितना कर्ज था, वह अब तीन गुना अधिक हो गया है और भाजपा को पहले यह देखना चाहिए कि अर्थव्यवस्था पहले कैसी थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वर्तमान सरकार केवल अपने मित्रों के लिए व्यवस्था कर रही है। इसके साथ ही, डिप्टी सीएम अरुण साव के कांग्रेस जिला अध्यक्षों की परफॉर्मेंस पर दिए बयान पर भी बघेल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि साव पहले अपने प्रदेश अध्यक्ष के वादों की समीक्षा करें और देखें कि कितने पूरे हुए और कितने नहीं, फिर कांग्रेस को सीख देने की कोशिश करें। भूपेश बघेल आज पंजाब में चंडीगढ़ पहुंचेंगे, जहां वह प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक में शामिल होंगे और मनरेगा बचाओ महासंग्राम, अमेरिका टैरिफ जैसे मुद्दों पर सरकार के खिलाफ लड़ाई शुरू करेंगे।







