Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश का बजट 2026-27: 12% बढ़ोतरी के साथ विकास योजनाओं में निवेश

Share

मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश करने की तैयारी में है। सूत्रों के अनुसार, इस वर्ष का बजट लगभग 4.70 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जो पिछले वित्त वर्ष के 4.21 लाख करोड़ रुपये के बजट से करीब 12 प्रतिशत अधिक होगा। बजट 18 फरवरी को विधानसभा में उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा पेश किया जाएगा। इससे पहले मोहन कैबिनेट की बैठक में बजट का प्रेजेंटेशन दिया गया, जिसमें विशेष रूप से विकास योजनाओं और राजकोषीय घाटा कम करने पर जोर दिया गया। इस बार पूंजीगत व्यय में बढ़ोतरी की संभावना है, जिससे इंफ्रास्ट्रक्चर, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार सृजन जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ाया जा सके। विधानसभा का बजट सत्र 16 फरवरी से शुरू हो रहा है, जिसमें बजट पेश करने के अलावा अन्य महत्वपूर्ण विधेयक और चर्चाएं भी होंगी। यह मोहन सरकार का तीसरा प्रमुख बजट होगा, जिसमें किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवा रोजगार और ग्रामीण विकास पर खास ध्यान दिए जाने की उम्मीद है। सरकार का दावा है कि यह बजट प्रदेश की आर्थिक और सामाजिक प्रगति को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button