भोपाल में सड़क पर नाबालिग का खतरनाक स्टंट, जान का जोखिम

भोपाल की सड़कों पर यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। एक वायरल वीडियो में देखा गया कि वीआईपी चौराहे से इकबाल मैदान तक चलती दोपहिया गाड़ी पर पीछे बैठा नाबालिग बच्चा सीट पर खड़ा होकर खतरनाक स्टंट कर रहा था। वाहन चालक बेफिक्र होकर गाड़ी चला रहा था, जिससे जरा सी चूक किसी बड़े हादसे में बदल सकती थी। यह न सिर्फ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत गंभीर अपराध है, बल्कि नाबालिग की जान से खिलवाड़ और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने वाला मामला भी है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग आक्रोशित हैं और पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस को वाहन चालक की पहचान कर सख्त चालान और नाबालिग को खतरे में डालने के लिए कानूनी कार्रवाई करनी होगी। पिछले कुछ समय में भोपाल में कई ऐसे स्टंट के मामले सामने आ चुके हैं, जैसे VIP रोड पर एक बाइक पर 7 लोग सवार होकर स्टंट करना, जो सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती है।







