हाईटेक डिवाइस से मवेशी और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित

पिथौरा. राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवारा पशुओं से होने वाले सड़क हादसों को रोकने के लिए संस्कार शिक्षण संस्थान पिथौरा की बाल वैज्ञानिक खुशबू साहू और उनके साथी, मार्गदर्शक शिक्षक एवं युवा वैज्ञानिक गौरव चंद्राकर ने हाइटेक मवेशी रोड सेफ्टी डिवाइस विकसित किया है। इसका प्रदर्शन सिरपुर महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और अन्य अधिकारियों के समक्ष किया गया, जहां सभी ने इसकी प्रशंसा की और इसे प्रशासनिक स्तर पर लागू करने की बात कही। इस डिवाइस में मवेशियों के गले में रेडियम पट्टी पर ट्रांसमीटर सेंसर लगाया जाता है, जो नेशनल हाईवे से जुड़े कंट्रोल रूम से कनेक्ट रहता है। जैसे ही आवारा पशु हाईवे पर आता है, कंट्रोल रूम में बीप और ड्राइवर के मोबाइल पर संदेश भेजा जाता है, जिससे वाहन चालक सतर्क होकर स्पीड नियंत्रित कर सके। सेंसर के माध्यम से मवेशी को हल्का वाइब्रेशन देकर सड़क से दूर किया जाता है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवारा पशुओं से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यदि इस डिवाइस को व्यापक रूप से लागू किया गया, तो यह सड़क हादसों और पशुधन की हानि को कम करने में मददगार साबित होगा।







