Chhattisgarh

डीएमओ अभिषेक मिश्रा ‘चूहों से 7 करोड़ का धान खराब’ बयान के बाद निलंबित

Share

कवर्धा. 7 करोड़ रुपये मूल्य के सरकारी धान को चूहों द्वारा नुकसान पहुंचाने वाले बयान के बाद डीएमओ अभिषेक मिश्रा को निलंबित कर दिया गया है। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित ने माना कि उनके बयान से विभाग की छवि धूमिल हुई है और बिना तथ्यात्मक पुष्टि के मीडिया में बयान देना विपणन सहकारी संघ कर्मचारी सेवा नियमावली की कंडिका-18 का उल्लंघन है। वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान का भंडारण जिले के चारभाठा और बघर्रा संग्रहण केंद्रों में कुल 7 लाख 99 हजार क्विंटल किया गया था। मिलान के बाद चारभाठा केंद्र से 22 हजार क्विंटल और दोनों केंद्रों से कुल 26 हजार क्विंटल धान की कमी पाई गई, जिसकी कीमत लगभग 7 करोड़ रुपये बताई जा रही है। डीएमओ अभिषेक मिश्रा ने मीडिया में कहा था कि यह कमी मौसम और चूहों, दीमक व कीड़ों के कारण हुई है। उनके इस बयान को गलत जानकारी मानते हुए रायपुर स्थित विभाग के एमडी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन आदेश में कहा गया है कि अभिषेक मिश्रा द्वारा तथ्यों की पुष्टि किए बिना बयान देना संघ नियमावली का उल्लंघन है और इससे शासन एवं जिला प्रशासन की छवि प्रभावित हुई। इस दौरान उनका मुख्यालय जिला विपणन कार्यालय बिलासपुर रहेगा और निर्वाह भत्ता प्राप्त करने की पात्रता बनी रहेगी।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button