ChhattisgarhRegion

प्राकृतिक ऊर्जा से रोशन हो रहा प्रवीण शुक्ला का घर, बिजली बिल में हो रही उल्लेखनीय आर्थिक बचत

Share

रायपुर। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जिसका उद्देश्य घरों में सोलर पैनल लगाकर हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली देना है। इस योजना से बिजली के बिल में कमी, पर्यावरण संरक्षण, और ऊर्जा स्वतंत्रता को बढ़ावा मिलेगा। यह योजना न केवल स्थायी ऊर्जा की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह हमारे पर्यावरण को बचाने की ओर भी एक महत्वपूर्ण प्रयास है। राजनांदगांव के लालबाग निवासी श्री प्रवीण शुक्ला ने अपने आवास की छत पर 3 किलोवॉट क्षमता का रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित कर प्राकृतिक ऊर्जा का उपयोग प्रारंभ किया है। श्री प्रवीण ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2024 में सोलर पैनल लगवाया, जिसके बाद उनके बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है और उन्हें नियमित रूप से आर्थिक बचत हो रही है।
3 किलोवॉट तक सोलर पैनल में सब्सिडी
राजनांदगांव जिले में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के सफल क्रियान्वयन के अंतर्गत निरंतर सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा उपभोक्ताओं को अधिकतम 1 लाख 8 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है, जिससे सोलर रूफटॉप सिस्टम की स्थापना आम नागरिकों के लिए सरल, सुलभ और किफायती बन गई है।
क्षमता बढ़ाने की योजना
प्रवीण शुक्ला ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से प्रेरित होकर वे भविष्य में अपने 3 किलोवॉट सोलर सिस्टम को बढ़ाकर 5 किलोवॉट करने पर विचार कर रहे हैं। इससे न केवल उनकी बचत में और वृद्धि होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
भविष्य की जरूरतों के लिए उपयोगी योजना
शुक्ला ने कहा कि भविष्य में प्राकृतिक संसाधनों की संभावित कमी को देखते हुए प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना अत्यंत उपयोगी एवं दूरदर्शी योजना है। योजना के अंतर्गत उन्हें शासन से निर्धारित सब्सिडी प्राप्त हुई है, जिससे सोलर पैनल लगवाना उनके लिए संभव हो सका।
जनसामान्य के लिए बड़ी राहत
केन्द्र एवं राज्य शासन द्वारा प्रदान की जा रही सब्सिडी के लिए श्री प्रवीण शुक्ला नेआभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना जनसामान्य के लिए बड़ी राहत एवं मदद साबित हो रही है और इससे प्राकृतिक ऊर्जा को व्यापक स्तर पर बढ़ावा मिल रहा है।
सोलर पैनल लगाने नागरिकों से अपील
जिले के नागरिकों से श्री शुक्ला ने अपील की कि वे प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाकर अपने घरों में सोलर पैनल स्थापित करें, जिससे आर्थिक बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिल सके और नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहन मिले।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button