ChhattisgarhMiscellaneous

मैक में वार्षिकोत्सव की धूम – “युगांतर”

Share

रायपुर। महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज (मैक), समता कॉलोनी, रायपुर में बीते शनिवार को वार्षिक उत्सव “मैक कार्निवाल” बड़ी धूमधाम एवं शानदार तरीके से मनाया गया। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी वार्षिकोत्सव की थीम “युगांतर” के माध्यम से हमें भारत की सभ्यताओं की झलकियां देखने को मिलीं, जिसमें आदिमानव काल से लेकर एआई युग तक की झलक सम्मिलित रही।
वार्षिकोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में बृजमोहन अग्रवाल सांसद लोकसभा रायपुर और मेयर श्रीमती मीनल चौबे की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की। साथ ही महाविद्यालय के चेयरमैन रमेश अग्रवाल, पूर्व चेयरमैन राजेश अग्रवाल, सचिव श्रीमती सरिता अग्रवाल, प्राचार्य डॉ. जैस्मिन जोशी, उप-प्राचार्य डॉ. श्वेता तिवारी एवं अन्य ट्रस्टीगण विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्राचार्य डॉ. जैस्मिन जोशी ने अपना वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक कार्यों का विवरण दिया। पूर्व चेयरमैन राजेश अग्रवाल ने मैक कॉलेज की प्रशंसा करते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप पाठ्येतर गतिविधियों में यह कॉलेज अग्रणी है, इसलिए यहाँ के छात्र-छात्राएँ पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, गीत-संगीत समेत अन्य गतिविधियों में अव्वल रहते हैं।
चेयरमैन रमेश अग्रवाल ने कहा कि मैक केवल एक कॉलेज नहीं, बल्कि अवसर, अनुशासन और मूल्यों की पहचान है। यहाँ शिक्षा के साथ व्यक्तित्व, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास होता है। हमें गर्व है कि मैक निरंतर उत्कृष्टता और नवाचार की ओर अग्रसर है।
विशिष्ट अतिथि श्रीमती मीनल चौबे ने मैक कॉलेज के छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे पूरे प्रदेश में मैक का नाम रोशन कर रहे हैं।
मुख्य अतिथि बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि मैक कॉलेज ने पूरे देश में अपना एक विशेष स्थान बनाया है, विशेषकर कॉमर्स के क्षेत्र में, जहाँ प्रत्येक वर्ष मेरिट सूची में अपना नाम दर्ज कराता है। यह छात्र-छात्राओं के साथ-साथ उनके माता-पिता के लिए भी अत्यंत गौरव की बात है। वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उनके वर्ष 2025 के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक प्रदर्शन के अनुसार पुरस्कारों से सम्मानित किया गया, जिसमें –
मैक बेस्ट – खुशी कुम्भारे, मैक ऑलराउंडर – करमप्रीत कौर, बेस्ट रोवर – धनंजय गोजर, बेस्ट रेंजर – हिमानी सोनवानी, बेस्ट पर्सनालिटी – तनीशा बंसल, बेस्ट डिसिप्लिन – दिशा अग्रवाल, बेस्ट जेसीआई रायपुर मैक यूनाइटेड (छात्रा) – खुशी मेघानी, बेस्ट जेसीआई रायपुर मैक यूनाइटेड (छात्र) – देवेश पटेल।

बेस्ट एकेडेमिक में मैनेजमेंट विभाग से – श्रेया अग्रवाल, कॉमर्स विभाग से – भूमि मित्तल, कंप्यूटर एप्लीकेशन से – श्रेयांश येल, कंप्यूटर साइंस विभाग से – ममता डंडसेना, इंटीरियर विभाग से – तृप्ति अग्रवाल, एजुकेशन विभाग से – वादना गुप्ता को सम्मानित किया गया।
साथ ही अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। बेस्ट प्राध्यापक के रूप में डॉ. डिग्री लाल पटेल (सहायक प्रोफेसर, शिक्षा विभाग), मैक एक्स्ट्रा माइलर – डॉ. रूचि सचान (एचओडी, शिक्षा विभाग), भावेश राठौड़ (आईटी प्रभारी) एवं मैक प्राइड – सी एच. अलिख्या को उनके सर्वश्रेष्ठ कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत नृत्य से हुई। उसके बाद नृत्य में आदिमानव काल में मानव के संघर्ष और प्रकृति से जुड़ाव को भाव-भंगिमाओं द्वारा दर्शाया गया। गुरुकुल काल में शिक्षा, संस्कार, देशभक्ति, त्याग, बलिदान एवं अनुशासन की झलक देखने को मिली। रैंप पर जब फैशन डिजाइनिंग के छात्र-छात्राओं ने स्वयं डिजाइन किए गए परिधान पहन आत्मविश्वास के साथ कदम रखे, तो पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा।
एडमिनिस्ट्रेटर शिवांगी मिश्रा ने अपने धन्यवाद ज्ञापन में मैक की उपलब्धियों एवं शानदार 20 वर्ष पूर्ण होने पर बधाइयाँ एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं तथा भविष्य में मैक को न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि देश का श्रेष्ठ शिक्षण संस्थान बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के अभिभावकगण, अग्रवाल सभा के गणमान्य नागरिक, महाविद्यालय के छात्र-छात्राएँ एवं पूरा मैक परिवार उपस्थित रहा। सभी ने शानदार एवं अनूठे वार्षिकोत्सव “युगांतर” का भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम में पूरा मैक परिवार उपस्थित रहा।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button