छोटे-छोटे कदमों से ही होती है शुरुआत: काले

रायपुर। बड़ी सफलता हासिल करने के लिए आपको शून्य से छोटे- छोटे कदमों से ही शुरुआत करनी होती है। टारगेट को लेकर आपका माइंडसेट एकदम क्लीयर होना चाहिए, तभी आप राइट परसन से मार्गदर्शन ले पाएंगे, उनसे चर्चा कर पाएंगे। महाराष्ट्र मंडल में युवा समिति के युवा सम्मेलन तरुणोदय में इस आशय के विचार मुख्य अतिथि अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने कहे।
मंडल का लगातार नौंवी बार अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद काले ने कहा कि आपकी सोच स्पष्ट होनी चाहिए, तभी आप कैरियर में सही दिशा की ओर कदम बढ़ा सकते हैं। काले ने कहा कि जरूरी नहीं कि हर वक्त अभिभावक आपके साथ आपको मार्गदर्शन देने के साथ रहें। आपको पता होना चाहिए कि कैरियर गढऩे के लिए आपको क्या करना है और कहां जाना है।
अपने संक्षिप्त संबोधन में काले ने समाज से जुडऩे के फायदे बताए। इसी तरह बृहन्महाराष्ट्र मंडल के छत्तीसगढ़ कार्यवाह सुबोध टोले ने कहा कि महाराष्ट्र मंडल में आने, यहां के कार्यक्रम अटैंड करने के अनेक लाभ हैं, जैसे यहां आने से आपका नेटवर्क बनता और बढ़ता चला जाता है। आपकी जरूरत की पूर्ति आपके समाज व महाराष्ट्र मंडल से होती है, लेकिन यह तभी संभव हो सकता है, जब आप नियमित रूप से यहां अपनी रुचि के अनुसार कार्यक्रमों में आएं।
इस बीच युवा समिति के समन्वयक विनोद राखुंडे और प्रमुख डॉ. शुचिता देशमुख ने युवाओं के बीच कई रोचक गेम्स कराया। इनमें कुर्सी दौड़ में संदेश महादेवकर विजेता रहे। रुमाल झपट्टा गेम में ब्लू टीम सबसे आगे रही। संख्या बनाव खेल में सभी प्रतिभागियों के समान प्रदर्शन रहै। बाधा दौड़ में समीक्षा टोले अव्वल रहीं। मंडल के स्वरोजगार से तेजी से उभरते युवा सभासदों, अधिवक्ता लोकेश पवार, लघु उद्योगपति सुधांशु नाफड़े, लघु व्यवसायी मेधा पोतदार को सम्मानित किया। तरुणोदय में महादेवकर, श्रेयांस कोठारी, रोहित नेने, नीरज इंगले, जयश्री विंचुरकर, त्रिप्ती देशपांडे, ऋतिका शेजवलकर, ऋधि कोठारी, आभास करकशे, भारती कुलकर्णी, श्रेयांस कुलकर्णी, श्रुति करकशे, आदित्य घिर्ये, अक्षय गायकवाड़, हर्षा गायकवाड़, असावरी मोहदीवाले, आशीष गनोदवाले, वैष्णवी कर सहित अनेक युवाओं ने बड़ी भूमिका निभाई।







