हाईटेंशन टॉवर दुरुस्त कर बस्तर में उजियारा फैलाने वाले पुरस्कृत

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने बुलंद हौसलों के साथ आंधी-बारिश और रात के अंधेर में बिजली दुरुस्त करने वाले कर्मठ कर्मचारियों को सम्मानित किया। बीहड़ और वनांचल क्षेत्र जगदलपुर के कर्मी से लेकर नए सबस्टेशन के निर्माण में भागीदारी देने वालों को प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी में क्षेत्र स्तरीय उत्कृष्टता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। पॉवर कंपनी के मुख्यालय सेवा भवन सभागार में आयोजित समारोह में प्रबंध निदेशक श्री राजेश कुमार शुक्ला ने कहा कि प्रदेशभर में पारेषण नेटवर्क के विस्तार से लेकर उनके रखरखाव का कार्य काफी चुनौतीपूर्ण और कठिन होता है, क्योंकि यह दुर्गम स्थल, पहाड़, नदी, जंगलों के बीच से होकर गुजरता है। ऐसे में कोई फाल्ट आने पर उन्हें ढूंढना और त्वरित गति से दुरुस्त करना आवश्यक होता है। ट्रांसमिशन कंपनी ने इस कार्य में उल्लेखनीय योगदान देने वाले छह अधिकारी-कर्मचरियों को सम्मानित किया।
इसमें भिलाई के अतिरिक्त उच्चदाब कार्यालय में कार्यरत परिचारक श्रेणी-01 (लाइन) श्री छगन लाल साहू को मैडल प्रदान किया गया। 400 केवीए जगदलपुर-रायता हाईटेंशन टावर में 1 सितंबर को ब्रेक डाउन होने से पूरे बस्तर में विद्युत आपूर्ति में प्रभावित हो गई। रात 10 बजे श्री साहू ने धान के खेतों के बीच घुसकर टूटे हुए कंडक्टर, दोनों लाइन को जोड़कर ठीक किया। इसके अलावा भिलाई कर्मशाला संभाग के सहायक अभियंता श्री आकाश सिन्हा को केवल तीन दिन में हाईटेंशन टावर के लिए स्टील सेक्शन तैयार करने के लिए पुरस्कृत किया गया। इससे एनएमडीसी किरंदूल लाइन के निर्माण में सहायता मिली।
बिलासपुर के कनिष्ठ अभियंता श्री क्षितिज त्रिपाठी को धरदेही में 400 केवी उपकेंद्र के ऊर्जीकरण के कार्य में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कोरबा के कार्यालय सहायक श्रेणी-1 श्री तुलसीदास यादव को क्रय, देयक और रोकड़ संबंधी कार्यों को बिना त्रुटि निष्पादित करने सम्मानित किया गया। रायपुर के ईएचटी (मेन्टेंस) संभाग में पदस्थ परिचारक श्रेणी-1 (लाइन) श्री धनराज डहरिया को बलौदाबाजार-सरकीपार लाइन स्थित 132 केवी सर्किट दुरुस्त करने सम्मानित किया गया। यह सर्किट 12 अक्टूबर को ब्रेक हुआ था, जिसका एक हिस्सा खेतों में था तो दूसरा व्यस्त सड़क पर था। अपने कौशल से उन्होंने अपनी टीम के साथ इस कार्य त्वरित गति से पूरा किया।
इसी तरह भिलाई के एमआरटी संभाग में कार्यरत् लाइन परिचारक श्रेणी-1 श्री सीताराम को 132 केवी उपकेन्द्रों में ट्रांसमिशन, परीक्षण एवं सिंक्रोनाइजेशन कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने की तकनीकी दक्षता के लिए पुरस्कृत किया गया। इसे साथ ही मानव संसाधन विभाग की कार्यालय सहायक श्रेणी-2 श्रीमती भारती पिल्लई को 20 वर्षों के पदोन्नति पैनल तैयार करने उल्लेखनीय कार्य के लिए तथा कार्यालय सहायक श्रेणी-3 श्री रविशंकर बारिक एवं श्री अविनाश बंजारे लेखा प्रशिक्षण में क्रमश: प्रथम व व्दितीय स्थान प्राप्त करने के लिए पुरस्कृत किया गया।
पुरस्कार चयन समिति में कार्यपालक निदेशक श्री संजय पटेल, श्री वीके दीक्षित, मुख्य अभियंता श्री अब्राह्म वर्गीस, श्री संजय तिवारी एवं श्री एएम परियल शामिल थे। संचालन प्रबंधक (जनसंपर्क) श्री गोविन्द पटेल एवं आभार प्रदर्शन अधीक्षण अभियंता श्री पंकज चौधरी ने किया।







