व्यापार, उद्योग व मध्यम वर्ग के लिए संतुलित तथा विकासोन्मुखी बजट — वैभव

रायपुर। केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026 को व्यापार, उद्योग एवं मध्यम वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर बनाया गया संतुलित एवं विकासोन्मुखी बजट है। इस बजट से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, साथ ही रोजगार, निवेश और व्यापार को नई गति प्राप्त होगी।
कैट के प्रदेश मंत्री एवं महादेव घाट रोड व्यापारी कल्याण संघ के सचिव वैभव सालुंखे ने कहा कि इस बजट में एमएसएमई सेक्टर, छोटे व्यापारियों, स्टार्टअप्स और मध्यम वर्ग को राहत देने की दिशा में कई सकारात्मक कदम उठाए गए हैं। टैक्स स्लैब में राहत, डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा, स्वरोजगार योजनाओं के विस्तार तथा लोन सुविधाओं को सरल बनाना स्वागतयोग्य कदम है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के लिए आसान ऋण, कम ब्याज दर पर फाइनेंस की सुविधा और डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने से बाजार में तरलता बढ़ेगी, जिससे व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी। साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर, सड़क, आवास एवं शहरी विकास पर बढ़ाया गया खर्च रियल एस्टेट, स्टील, सीमेंट, हार्डवेयर, इलेक्ट्रिकल, ज्वेलरी एवं उपभोक्ता वस्तुओं के व्यापार को भी मजबूती देगा।
ज्वेलरी सेक्टर के संदर्भ में उन्होंने कहा कि यदि आयात शुल्क एवं टैक्स संरचना को सरल किया जाता है तो इससे उपभोक्ता मांग बढ़ेगी और संगठित व्यापार को प्रोत्साहन मिलेगा। इससे रोजगार सृजन के साथ-साथ राजस्व में भी वृद्धि होगी। अंत में वैभव सालुंखे ने केंद्र सरकार से मांग की कि छोटे व्यापारियों के लिए जीएसटी प्रक्रिया को और सरल बनाया जाए, अनुपालन बोझ कम किया जाए तथा व्यापारियों के हित में स्थायी नीति बनाई जाए, जिससे व्यापार सुगमता और पारदर्शिता दोनों सुनिश्चित है।







