पीएम का वह वचन फिर से पूरा हुआ है जिन्हें कोई नहीं पूछता, उन्हे मोदी पूजते हैं – कौशिक

रायपुर। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने आज संसद में पेश केंद्रीय बजट 2026-27 पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इस बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस बजट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का वह वचन फिर से पूरा हुआ है कि जिन्हें कोई नहीं पूछता, उन्हे मोदी जी पूजते हैं। केंद्र सरकार के तीन कर्तव्य ग्रोथ को बढ़ावा देना निवेश, उद्योग और रोजगार सृजन को मजबूत करना। जनता की उम्मीदों को पूरा करना सामान्य नागरिकों को अधिक सुविधाएं और अवसर देना। सबका साथ, सबका विकास विकास का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाना। यह कर्तव्य भारत देश को स्वर्णिम युग और विश्वगुरु बनाने में एक अनूठा पहल है।
उन्होंने कहा कि समाज के मध्यम वर्ग और श्रमिक वर्गों के उत्थान के लिए यह बजट ऐतिहासिक और क्रांतिकारी होगा। मोदी सरकार ने सार्वजनिक निवेश पर मजबूत जोर को कायम रखते हुए दूरगामी संरचनात्मक सुधारों, राजकोषीय मितव्ययिता और मौद्रिक स्थिरता को निरंतर बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता को केंद्र में रखते हुए, मोदी सरकार ने घरेलू उत्पादन क्षमता एवं ऊर्जा सुरक्षा का निर्माण किया है और आयात पर निर्भरता में कमी लाई है। इसके साथ-साथ नागरिक-आधारित विकास को सुनिश्चित किया गया है और रोजगार सृजन, कृषिगत उत्पादकता, परिवारों की क्रय शक्ति और लोगों को सार्वभौमिक सेवाएं प्रदान करने हेतु विभिन्न सुधारों को अपनाया गया है।
श्री कौशिक ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 में देश के तीन राज्यों—छत्तीसगढ़, ओडिशा और केरल—के लिए माइनिंग कॉरिडोर विकसित करने का ऐलान किया है जिससे खनिज आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसके साथ ही सभी राज्यों के सभी जिलों में छात्राओं के लिए गर्ल्स हॉस्टल बनाने की योजना रखी गयी है जिससे हर जि़ले में गर्ल्स हॉस्टल बनाने से छत्तीसगढ़ की लड़कियों को एस्ट्रोफिजिक्स, एस्ट्रोनॉमी, मेडिसिन और इंजीनियरिंग जैसे मुश्किल फील्ड्स में आगे बढऩे का मौका मिलेगा।
भारत को मेडिकल वैल्यू टूरिज़्म का वैश्विक केंद्र बनाने के लिए एक महत्वाकांक्षी योजना की घोषणा की। इसके तहत निजी क्षेत्र की भागीदारी से पाँच क्षेत्रीय मेडिकल टूरिज़्म हब स्थापित करने के लिए राज्यों को सरकारी समर्थन दिया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य ऐसे बड़े और एकीकृत हेल्थकेयर केंद्र बनाना है, जो अंतरराष्ट्रीय मरीजों को आकर्षित करें और साथ ही देश की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूत करें।
कौशिक ने कहा कि भारत महत्वाकांक्षाओं एवं समावेशन के बीच संतुलन बिठाते हुए विकसित भारत की दिशा में आत्मविश्वास के साथ कदम बढ़ाना और अधिक निर्यात एवं स्थिर दीर्घकालिक निवेश को आकर्षित करते हुए वैश्विक बाजारों के साथ गहराई से जुडऩा जारी रखेगा। आज पेश हुआ यह बजट एक ऐतिहासिक बजट है, जिसे भारत देश में हमेशा याद रखा जाएगा।







