नगर निगम की भूमिका पर सवाल स्लॉटर हाउस से मुंबई भेजा गया गौमांस

भोपाल नगर निगम के स्लॉटर हाउस में गायों के वध और उनका मांस मुंबई भेजे जाने का मामला सामने आया है, जिसमें नगर निगम प्रशासन की कथित भूमिका उजागर हुई है। मामले के अनुसार, भैंस का बताकर मांस बाहर भेजा जा रहा था, जबकि नगर निगम के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. बेनीप्रसाद गौर ने 17 दिसंबर 2025 को एक पत्र जारी कर 15 वर्ष से अधिक उम्र की 85 भैंसों के वध और मांस को फ्रोजन मीट के रूप में मुंबई भेजने की अनुमति दी थी। पुलिस द्वारा जांच के दौरान मिली सैंपलों में गौमांस की पुष्टि हुई है, जिससे स्लॉटर हाउस में गायों के वध या मांस के प्रमाणन में गड़बड़ी के सवाल उठ खड़े हुए हैं। सूत्रों के अनुसार, बैतूल से दो रातों में 160 बछड़े स्लॉटर हाउस लाए गए थे और 26 टन मांस में गौमांस शामिल था। 17 दिसंबर की रात हिंदू संगठनों ने कंटेनर रोककर पुलिस को सूचना दी थी, जिसके बाद सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







