जनवरी में वीबी जी राम जी योजना पर जन-जागरण कार्यक्रम

केंद्र सरकार की वीबी जी राम जी योजना को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय संगठन के निर्देश पर छत्तीसगढ़ प्रदेश संगठन ने प्रदेशभर में जन-जागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया है। जनवरी माह में पूरे प्रदेश में सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के भाजपा नेता शामिल होंगे। इन सम्मेलनों की रूपरेखा और कार्यक्रमों का अंतिम निर्णय 11 जनवरी को सुबह 10 बजे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में होने वाली प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में लिया जाएगा। केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा के स्थान पर शुरू की गई इस योजना को लेकर विपक्ष विरोध कर रहा है, जिसके जवाब में भाजपा इसे जनता तक पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चला रही है। छत्तीसगढ़ में इस अभियान के लिए प्रदेश टोली का गठन किया गया है, जिसकी जिम्मेदारी प्रदेश भाजपा महामंत्री यशवंत जैन को सौंपी गई है। कार्यशाला में प्रदेशाध्यक्ष किरण देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल मार्गदर्शन देंगे, जबकि प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय बंगाल से ऑनलाइन जुड़ेंगे। इस कार्यशाला में सभी जिलाध्यक्ष, संभाग व जिला प्रभारी, मोर्चा अध्यक्ष, प्रकोष्ठ संयोजक और सहकारी बैंक अध्यक्ष शामिल होंगे। कार्ययोजना के तहत जिला पंचायत, जनपद और सरपंच स्तर पर सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें मंत्री, विधायक, सांसद और कुछ स्थानों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ राष्ट्रीय भाजपा नेता भी भाग लेंगे।







