ChhattisgarhRegion

श्रम सुधार: चार ऐतिहासिक संहिताएं लागू, रायपुर में मीडिया वार्ता कल

Share


रायपुर। पत्र सूचना कार्यालय, रायपुर द्वारा आगामी 22 दिसंबर 2025, सोमवार को प्रात: 10 बजे से न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइंस, रायपुर में भारत के श्रम सुधार: चार श्रम संहिताएं लागू विषय पर एक विशेष वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह वार्ता भारत सरकार द्वारा 21 नवंबर को लागू की गई चार ऐतिहासिक श्रम संहिताओं के दूरगामी प्रभावों, उनके प्रभावी क्रियान्वयन तथा भावी कार्ययोजना पर केंद्रित रहेगी।
इस विशेष परिचर्चा का उद्देश्य मीडिया के माध्यम से आम जनमानस और श्रमिक वर्ग तक श्रम सुधारों से जुड़ी सटीक, तथ्यपरक और प्रामाणिक जानकारी पहुँचाना है। कार्यक्रम में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं विषय विशेषज्ञ भाग लेंगे, जो श्रम संहिताओं के सकारात्मक प्रभावों और भविष्य के रोडमैप पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे। वार्ता के दौरान मजदूरी संहिता (2019), सामाजिक सुरक्षा संहिता (2020), औद्योगिक संबंध संहिता (2020) तथा व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य दशाएं संहिता (2020) के प्रमुख प्रावधानों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इन श्रम सुधारों का उद्देश्य व्यापार सुगमता को बढ़ावा देने के साथ-साथ देश के करोड़ों श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी की सुनिश्चितता, व्यापक सामाजिक सुरक्षा कवरेज तथा सुरक्षित और स्वस्थ कार्यस्थल उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में इस बात पर भी विशेष बल दिया जाएगा कि ये सुधार विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति में किस प्रकार महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
पत्र सूचना कार्यालय, रायपुर ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों और पत्रकारों से इस महत्वपूर्ण वार्ता में उपस्थित होने का आग्रह किया है, ताकि राष्ट्र निर्माण से जुड़े इन ऐतिहासिक श्रम सुधारों की जानकारी व्यापक स्तर पर जनसाधारण तक प्रभावी रूप से पहुँचाई जा सके।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button