धान केंद्र पर किसानों का प्रदर्शन, नमी में मनमानी कटौती का आरोप

लोहरसी धान खरीदी केंद्र में शुक्रवार को भारी विवाद खड़ा हो गया, जब किसानों ने केंद्र प्रबंधन पर गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि नमी के नाम पर प्रति बोरी 1 किलो तक की मनमानी कटौती की जा रही है, जिससे उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान हो रहा है। कर्मचारियों द्वारा धान में अधिक नमी दिखाकर मनमाने तरीके से कटौती की जा रही है, जो खरीदी नियमों के बिल्कुल विपरीत है। कई दिनों से शिकायत करने के बावजूद किसी अधिकारी ने संज्ञान नहीं लिया।
सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान खरीदी केंद्र के बाहर इकट्ठा हो गए और धांधली, दबाव तथा अनुचित कटौती के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। विवाद बढ़ता देख जिला पंचायत सदस्य इंद्रजीत महाडिक मौके पर पहुंचे। किसानों ने उन्हें बताया कि बिना माप-तौल के कटौती की जा रही है, खरीदी प्रक्रिया में नियमों का पालन नहीं हो रहा और शिकायतों के बावजूद अधिकारी मौन हैं। महाडिक ने किसानों को शांत करने का प्रयास किया और संबंधित अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रशासन की चुप्पी पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि लंबे समय से शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।







