ChhattisgarhRegion

ताड़पाला घाटी में सुरक्षा बलों ने दूसरा उच्च रणनीतिक सुुरक्षा कैंप किया स्थापित

Share

बीजापुर। जिले के थाना उसूर क्षेत्र अंतर्गत कर्रेगुट्टा पहाड़ के ताड़पाला घाटी में सुरक्षा बलों ने 6 दिसंबर 2025 को नवीन सुरक्षा एवं जन–सुविधा कैंप की सफल स्थापना कर एक और रणनीतिक उपलब्धि हासिल कर ली है। उल्लेखनीय है कि 4 नवंबर 2025 को कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर ताड़पाला बेस कैंप स्थापित किया गया था, और अब इसी श्रृंखला में यह दूसरा उच्च रणनीतिक सुुरक्षा कैंप आज शनिवार काे स्थापित कर दिया गया है। इस कैंप की स्थापना में डीआरजी, एसटीएफ, काेबरा 205, काेबर 210 और केरिपु 196 की संयुक्त टीमों ने हिस्सा लिया। दुर्गम भौगोलिक स्थितियां, ऊंची,खड़ी चढ़ाई, सड़क की अनुपलब्धता, लगातार आईईडी के खतरे और पानी की कमी जैसी कठिन चुनौतियों के बीच सुरक्षाबलों ने असाधारण साहस और रणनीतिक क्षमता का परिचय दिया। बेहद संवेदनशील इलाके में कैंप स्थापित होने से अब सीमावर्ती क्षेत्रों व जंगलों में सर्च ऑपरेशन और नक्सल विरोधी कार्रवाइयों की प्रभावशीलता में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी होगी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भविष्य में ताड़पाला कैंप को जंगल वारफेयर, फील्ड क्राफ्ट एवं एडवांस टैक्टिक्स ट्रेनिंग सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे जवानों को क्षेत्र के अनुकूल माहौल में उन्नत प्रशिक्षण मिल सकेगा। कैंप स्थापना के दौरान लगातार हेलीकॉप्टर सपोर्ट उपलब्ध रहा और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर मार्गदर्शन देते रहे, जिससे पूरा अभियान तेज और सुरक्षित गति से आगे बढ़ा। ताड़पाला से छत्तीसगढ़–तेलंगाना सीमावर्ती इलाके तक अब संयुक्त, समन्वित और निर्णायक अभियान और अधिक सशक्त रूप में संचालित होंगे। अधिकारियों का मानना है कि इस कैंप की मौजूदगी से नक्सली गतिविधियां, नक्सलियाें के छिपने के स्थान और आपूर्ति के मार्ग पर प्रभावी रोक लगेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा–विकास गतिविधियों का मार्ग और अधिक प्रशस्त होगा।
बीजापुर जिले में नक्सल उन्मूलन के मोर्चे पर मिल रही बड़ी उपलब्धियों की सूची तेज गति से बढ़ रही है। वर्ष 2024 से अब तक बीजापुर जिले में कुल 45 नए सुरक्षा कैंप स्थापित किए जा चुके हैं। निरंतर कार्रवाइयों के परिणामस्वरूप 790 नक्सली आत्मसमर्पण, 219 नक्सली कैडर ढेर और 1049 नक्सलियाें की गिरफ्तारियां हुई हैं। वहीं बीजापुर में सुरक्षा एवं विकास के लिए ‘‘नियद नेल्ला नार’’ योजना के तहत किए जा रहे प्रयासों को यह कैंप और अधिक सशक्त करेगा। ताड़पाला घाटी में नया कैंप स्थापित होने के साथ अब नक्सल विरोधी अभियान निर्णायक मोड़ पर है, और आने वाले दिनों में सुरक्षा एवं विकास कार्यों की गति और व्यापकता दोनों बढ़ने की उम्मीद है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button