ChhattisgarhCrimeRegion

सहेली ने 2 लाख में युवती को उज्जैन में बेचा, 2 गिरफ्तार

Share


अंबिकापुर।
लखनपुर थाना क्षेत्र की 18 वर्षीय एक युवती को अच्छा काम दिलाने का लालच देकर उसकी सहेली ने उज्जैन में 2 लाख रुपए में बेच दिया था। फिर उसकी एक युवक से जबरन शादी करा दी गई। शादी के बाद उसे आरोपी ने अपने घर में बंधक बनाकर रखा था। वह भागने की बात कहने पर युवती को जान से मारने की धमकी देता था। युवती के शोर मचाने पर आस-पास के लोगों ने उज्जैन पुलिस को सूचना दी थी। वहां की पुलिस की सूचना पर अंबिकापुर के मणिपुर पुलिस ने उज्जैन से युवती को बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, दोनों सगे भाई हैं। जबकि सहेली समेत 2 आरोपियों की तलाश जारी है।
लखनपुर थाना क्षेत्र निवासी 18 वर्षीय एक युवती के घर उसकी सहेली अलका उरांव पहुंची थी। उसने उसकी बड़ी बहन से कहा कि वह उसे शादी पार्टी में काम कराने पत्थलगांव ले जा रही है। वहां उसे अच्छे पैसे मिलेंगे। इसके बाद वह उसे पत्थलगांव न ले जाकर अंबिकापुर के गोरसीडबरा ले आई। फिर रात में ट्रेन से उसे उज्जैन लेकर सहेली ने अशोक नामक युवक के हाथों 2 लाख रुपए में बेच दिया। वहीं अशोक ने उज्जैन के ग्राम बड़ोदिया निवासी मुकेश सिंह के साथ मिलकर युवती की भंवर सिंह नामक युवक से जबरन शादी करा दी। भंवर सिंह मुकेश का छोटा भाई है। इसके बाद सहेली अलका और अशोक लौट आए थे। वहीं आरोपी भंवर सिंह शादी करने के बाद पीडि़ता को उज्जैन से 15 किमी दूर अपने गांव बड़ोदिया में ऑटो में बैठाकर ले गया था।
आरोपी भंवर सिंह ने पीडि़ता को घर में बंधक बनाकर रखा था। युवती जब वहां से भागने की बात कहती थी तो उसे वह जान से मारने की धमकी देता था। इसी बीच पीडि़ता ने शोर मचाया तो लोग वहां पहुंचे और उज्जैन पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसे सखी सेंटर में रखवाया था। इसी बीच सूचना पर पहुंची अंबिकापुर की मणिपुर पुलिस उसे आरोपी के कब्जे से बरामद कर अंबिकापुर ले आई।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button