बिलासपुर: स्कूल संचालक से 40 लाख की ठगी दो गिरफ्तार
बिलासपुर। बिलासपुर में प्राइवेट स्कूल संचालक अजीत शुक्ला से प्रॉपर्टी बेचने के नाम पर 40 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। सूर्या विहार निवासी अजीत शुक्ला का परिचय दिनेश प्रताप सिंह से हुआ, जिन्होंने अप्रैल 2024 में उसे भास्कर प्रसाद त्रिपाठी से मिलवाया। भास्कर ने खुद को SECL कोरबा का कर्मचारी बताते हुए विवेकानंद नगर मोपका में अपना मकान बिक्री के लिए होने का दावा किया। मकान देखने के बाद 26 अप्रैल 2024 को दोनों पक्षों के बीच इकरारनामा हुआ, जिसमें तीन माह में रजिस्ट्री करने की बात तय हुई। अजीत शुक्ला ने भास्कर को 36 लाख रुपए ऑनलाइन भुगतान किए, लेकिन तय समय पर रजिस्ट्री नहीं कराई गई। आरोपियों ने 40 लाख का फर्जी इकरारनामा तैयार किया और बाद में पता चला कि मकान पहले से ही बैंक में बंधक था। पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों भास्कर प्रसाद त्रिपाठी और दिनेश प्रताप सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।






