मुख्यमंत्री साय के सामने 140 नक्सली करेंगे आत्मसमर्पण

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सल मोर्चे पर बड़ी खबर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सामने 140 से अधिक नक्सली आत्मसमर्पण करने वाले हैं। बताया जा रहा है कि 17 अक्टूबर, शुक्रवार को जगदलपुर में यह सामूहिक आत्मसमर्पण कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें नक्सली नेता रूपेश के नेतृत्व में 100 से अधिक हथियारों के साथ नक्सली मुख्यधारा में लौटेंगे। प्रशासन ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है। इस बीच माड़ इलाके से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें माओवादी इंद्रावती नदी पार करते हुए बीजापुर की ओर बढ़ते दिख रहे हैं। वीडियो में हथियारबंद माओवादियों का जत्था सुरक्षा घेरे में भैरमगढ़ की तरफ जाते नजर आ रहा है। जानकारी के अनुसार, उत्तर पश्चिम सब-जोनल प्रभारी रूपेश की अगुवाई में लगभग 140 नक्सली आत्मसमर्पण के लिए भैरमगढ़ की ओर कूच कर चुके हैं। वहीं, कांकेर के कामतेड़ा बीएसएफ कैंप में स्पेशल जोनल कमेटी सदस्य भास्कर मंडावी के नेतृत्व में 50 नक्सलियों ने बुधवार को ही सरेंडर किया था। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बड़ी संख्या में नक्सली आत्मसमर्पण के लिए तैयार हैं और सरकार उन्हें मुख्यधारा में लौटने का पूरा अवसर देगी। उन्होंने कहा, “हम नक्सलियों का रेड कार्पेट बिछाकर स्वागत करेंगे।” मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष शुक्रवार को रूपेश और उसके साथियों का आधिकारिक आत्मसमर्पण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए पुलिस और प्रशासनिक अमला पूरी तरह तैयार है।
