दिल्ली में NES.T Fest 2025 संपन्न: प्रबल प्रताप सिंह जूदेव को विशेष सम्मान

राजधानी दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में आयोजित 8वां नॉर्थ ईस्ट स्टूडेंट्स फेस्टिवल (NES.T Fest 2025) एक भव्य आयोजन के रूप में संपन्न हुआ। ‘माई होम इंडिया’ द्वारा आयोजित यह महोत्सव पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध संस्कृति, संगीत और परंपराओं का उत्सव रहा, जो 3-4 अक्टूबर 2025 को “संस्कृति से जलवायु तक: युवा जनादेश” थीम पर आयोजित हुआ।
इस मौके पर भाजपा छत्तीसगढ़ प्रदेश उपाध्यक्ष एवं घर वापसी प्रमुख प्रबल प्रताप सिंह जूदेव को समाज एवं राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मिजोरम के राज्यपाल जनरल वी.के. सिंह ने प्रदान किया।
प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने इस सम्मान को “समाज की अपनी जड़ों की ओर लौटने की आस्था का प्रतीक” बताते हुए इसे उन जनजातीय कार्यकर्ताओं और साथियों को समर्पित किया जो “घर वापसी” अभियान में उनके साथ जुड़े हुए हैं।
कार्यक्रम में देशभर के नेता, शिक्षाविद, छात्र, समाजसेवी और पूर्वोत्तर के युवाओं ने भाग लिया। पूर्वोत्तर राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भारत की एकता और विविधता को मंच पर जीवंत कर दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पूर्वोत्तर के आठ राज्यों को “अष्ट लक्ष्मी” की उपाधि देने की बात भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उल्लेखित की गई, जो इन राज्यों के राष्ट्रीय विकास और सांस्कृतिक योगदान को रेखांकित करता है।
यह महोत्सव देश के युवाओं को जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को सशक्त करने की दिशा में एक अहम पहल के रूप में देखा जा रहा है।
