माताओं ने संतानों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि के लिए रखा हलषष्ठी पर व्रत

कवर्धा। आज जिले में पारंपरिक आस्था और श्रद्धा के साथ हलषष्ठी मनाया गया। शंकर नगर वार्ड 08 के जानकी रमण शिवालय मन्दिर सहित आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही माताएं और महिलाएं व्रत-उपवास के दौरान पूजा की तैयारी में जुटी रहीं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन माताएं संतान की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और निरोगी जीवन की कामना के साथ निर्जला व्रत रखती हैं। मन्दिर में में सामूहिक रूप से महिलाओं ने हलषष्ठी माता की पूजा-अर्चना की। मन्दिर के पुजारी आचार्य शुभमकृष्ण शास्त्री ने विधि-विधान से पूजा कराई। इस दौरान हलषष्ठी माता के साथ भगवान कृष्ण के बालरूप का भी पूजन किया गया। पारंपरिक तरीके से मिट्टी की चौकी पर माता की प्रतिमा स्थापित कर दूध, दही, धान, चना, और सात प्रकार के अनाज से अर्घ्य अर्पित किया गया। पूजा-पाठ के दौरान माताओं ने अपने बच्चों के नाम से मंगलकामना करते हुए भजन-कीर्तन भी किया। दोपहर बाद व्रती महिलाओं ने हलषष्ठी पर्व के महत्व पर आधारित कथा का कथा श्रवण किया। शाम को व्रत का पारायण कर माताओं ने अन्न-जल ग्रहण किया और अपने परिवार की खुशहाली की मंगल कामना की।

