स्वतंत्रता दिवस पर सभी मस्जिद, मदरसा और दरगाहों में फहराए तिरंगा, वक्फ बोर्ड का आग्रह

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड ने स्वतंत्रता दिवस पर राज्य के सभी मस्जिद, मदरसा और दरगाहों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने का सन्देश जारी किया है। वक्फ बोर्ड कार्यालय से जारी संदेश में कहा गया है कि स्वतंत्रता दिवस एक पवित्र अवसर है और इसे सभी धार्मिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर मनाना चाहिए। बोर्ड ने इस दिन को देशभक्ति, एकता और भाईचारे का प्रतीक बनाने पर जोर दिया है।
बोर्ड के सीईओ ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के महत्व को ध्यान में रखते हुए, सभी मस्जिदों, मदरसों और दरगाहों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और अन्य संबंधित अधिकारियों से भी सहयोग करने की अपील की है।
इस सम्बन्ध में डॉ. सलीम राज ने कहा कि प्रदेश देश का पहला राज्य जहाँ स्वतंत्रता दिवस पर सभी मस्जिदों, मदरसों और दरगाहों में तिरंगा फहराना अनिवार्य किया है। जो यह नहीं करेगा उस पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसे राजनीतिक नजरिए से नहीं देखना चाहिए। देश के मुसलमानों को अपने वतनपरस्ती का सबूत देना चाहिए। पहलगाम हमले के बाद से मुसलमान शक के घेरे में हैं, ऐसे में समस्त मुस्लिम भाइयों से अपील करते हैं कि वे अपने देशप्रेम का प्रमाण दें।
वक़्फ़ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने यह भी कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा सभी धार्मिक स्थलों पर मनाया जाना चाहिए। महामंडलेश्वर अपने मंदिरों में, गुरुद्वारा प्रबंधन समिति अपने गुरुद्वारों में और फादर अपने गिरजाघरों में झंडा फहराने की व्यवस्था करें। देश है तो हम हैं, और देश है तो ही हमारा धर्म सुरक्षित है।
