पीएमश्री आत्मानंद स्कूलों में कक्षा पहली में 900 बच्चों का लॉटरी से प्रवेश हुआ

जगदलपुर। बस्तर जिला में 18 पीएमश्री आत्मानंद स्कूलों में नए शिक्षा सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया लॉटरी सिस्टम के माध्यम से पूरी कर ली गई। इस प्रक्रिया के तहत जिलेभर में करीब 900 बच्चों को पहली कक्षा में प्रवेश दिया गया है। शिक्षा विभाग के अनुसार पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लॉटरी प्रणाली अपनाई गई, जिससे अभिभावकों और विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया।
अब पहली कक्षा के बाद मिडिल, हाई और हायर सेकेंडरी स्तर की कक्षाओं में रिक्त सीटों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डीईओ बालीराम बघेल ने बताया कि आत्मानंद स्कूलों में बेहतर शिक्षा व्यवस्था, अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई और आधुनिक सुविधाओं के कारण हर वर्ष प्रवेश के लिए बड़ी संख्या में आवेदन आते हैं। यही वजह है कि पहली कक्षा में लॉटरी और उच्च कक्षाओं में प्रवेश परीक्षा आयोजित की जा रही है। खाली सीटों को जल्द भरकर नए शिक्षा सत्र की पढ़ाई सुचारु रूप से शुरू कराई जाएगी। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करपावंड में कक्षा पहली की रिक्त सीटों की पूर्ति के लिए लॉटरी पद्धति से छात्रों के चयन प्रक्रिया संपन्न की गई।







