डीएड अभ्यर्थियों का 81वां दिन आमरण अनशन नियुक्ति और न्याय की मांग

डीएड अभ्यर्थियों का आमरण अनशन आज 81वें दिन भी जारी है। न्याय की मांग को लेकर अभ्यर्थी शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा घेराव के लिए निकले थे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें आधे रास्ते में रोक दिया। मौके पर उपस्थित एसडीएम ने बताया कि अभ्यर्थी बॉन्ड भरकर अनशन पर बैठे हैं, इसलिए आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जा सकती और नियम उल्लंघन पर दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। गौरतलब है कि डीएड अभ्यर्थी 24 दिसंबर से नया रायपुर तूता में अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठे हैं और 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। न्यायालय के आदेश के बावजूद शिक्षा विभाग की लापरवाही के कारण आज भी 1326 पात्र डीएड अभ्यर्थी नियुक्ति से वंचित हैं। अभ्यर्थियों का आरोप है कि शिक्षा विभाग ने बिना दस्तावेज सत्यापन के कॉमन मेरिट सूची से स्कूल आवंटित कर दिए, जिससे कई अपात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिल गई और पात्र अभ्यर्थी वंचित रह गए। वे सरकार से न्यायालय के आदेश का पालन कर सभी पात्र अभ्यर्थियों को शीघ्र नियुक्ति देने की मांग कर रहे हैं।







