ग्रामीण युवकों से मारपीट करने वाले 8 आरोपी गिरफ्तार

बीजापुर। जिले के मद्देड़ थाना क्षेत्र के वंगापल्ली गांव में ग्रामीण युवकों से मारपीट की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लोगों से अफवाहों पर ध्यान नही देने की अपील की है। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को जनप्रतिनिधियों और ग्राम प्रमुखों के साथ बैठक कर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गलतफहमी और तनाव की स्थिति न बने।
पुलिस के अनुसार 26 मार्च 2026 को दम्पाया निवासी सुनील लम्बाड़ी ने थाना मद्देड़ में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि वंगापल्ली गांव के करीब 20-25 लोगों ने विकास कावटी और संतोष कावटी के साथ लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिसमें संतोष कावटी की हालत गंभीर बनी हुुई है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू करते हुए घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई और आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर शनिवार को उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।







