दीपावली पर कबीरधाम के गन्ना किसानों को 5.98 करोड़ का बोनस

कबीरधाम। दीपावली पर्व से पहले जिले के गन्ना उत्पादक किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। राज्य शासन ने पेराई वर्ष 2024-25 के लिए गन्ना विक्रेता किसानों को प्रति क्विंटल 39.90 रुपये की दर से कुल 5 करोड़ 98 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की है। यह राशि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना मर्या., पंडरिया को प्राप्त हुई है। शासन से राशि मिलने के बाद कारखाना प्रबंधन ने जिले के 7,658 गन्ना उत्पादक किसानों के बैंक खातों में यह धनराशि सीधे हस्तांतरित करने की प्रक्रिया पूर्ण कर ली है। दीपावली से ठीक पहले मिले इस बोनस तोहफे से किसानों के चेहरों पर खुशी झलक रही है। किसानों ने इस निर्णय के लिए प्रदेश सरकार और पंडरिया विधायक भावना बोहरा के प्रति आभार व्यक्त किया है। विधायक बोहरा ने कहा कि किसानों की समृद्धि और खुशहाली ही उनकी प्राथमिकता है, और यह निर्णय उसी दिशा में एक सकारात्मक पहल है। शासन की यह पहल न केवल किसानों के लिए आर्थिक संबल साबित होगी बल्कि त्योहार के इस मौसम में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई रौनक प्रदान करेगी।
