4 वर्ष पुराने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी, हत्या के तीन आरोपी गिरफ्तार

कांकेर। जिले के ताड़ोकी थाना क्षेत्र में 4 वर्ष पुराने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 13 जुलाई 2022 को ग्राम सरंडी निवासी सदेश कुमार ध्रुव की संदिग्ध मौत की सूचना पुलिस को मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच में सामने आया कि मृतक अपनी पहली पत्नी के बीमार रहने के कारण दूसरी शादी करने की तैयारी कर रहा था। इसी बात से नाराज गांव के सामाजिक प्रमुख गंगूराम ध्रुव और उसके साथियों ने हत्या की साजिश रची। घटना के दिन सामाजिक बैठक के बाद आरोपी गंगूराम, मंगूराम और रजउराम ने शराब के नशे में मृतक के घर पहुंचकर उसका गला घोंट दिया और शव को बिस्तर पर छोड़कर फरार हो गए । पुलिस ने हाल ही में फिर से जांच तेज की और संदेहियों से पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करने पर तीनों को गिरफ्तार कर कार्यवाही उपरांत आज न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। इस पूरे मामले का खुलासा करने में ताड़ोकी थाना और साइबर सेल की टीम का अहम योगदान रहा।







