म्यूल खातों की अवैध खरीदी-बिक्री करने वाले गिरोह के 4 गिरफ्तार

दंतेवाड़ा । जिले की साइबर सेल, थाना बारसूर, बचेली और गीदम की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच, फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन एनालिसिस और साइबर फॉरेंसिक टूल्स की मदद से म्यूल खातों की अवैध खरीदी-बिक्री करने वाले गिरोह के चार आराेपियाें अर्चित गुजराती (20 वर्ष), नागौर आदिल हुसैन (24 वर्ष), नागौर अमित वर्मा (21 वर्ष), जयपुर भूपेन्द्र जांगीड (23 वर्ष), जोधपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, 1,18,500 रुपये नगद बरामद किए हैं। यह गिरोह देश के कई राज्यों में फैले साइबर अपराधों में संलिप्त थे। जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों, खासकर नागौर में मिली। इसके बाद पुलिस टीम को राजस्थान रवाना हुई और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर आज मंगलवार काे ट्रांजिट रिमांड पर दंतेवाड़ा लाया गया।
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबरों का उपयोग कर व्हाट्सएप अकाउंट बनाते थे, और सैकड़ों बैंक खातों की अवैध खरीदी-बिक्री करते थे। इन खातों का उपयोग साइबर धोखाधड़ी की रकम ट्रांसफर करने में किया जाता था। गिरोह साइबर फ्रॉड से मिली रकम को इन खातों में जमा कर “हाई ट्रांजैक्शन अप्रूव्ड” डेबिट कार्ड के जरिए विदेशों के एटीएम से नकद निकालता था, जिससे ट्रेसिंग मुश्किल हो जाती थी। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सहित आंध्र प्रदेश, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गुजरात, केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, तेलंगाना और कर्नाटक में 20 से अधिक साइबर शिकायतें दर्ज हैं।
दंतेवाड़ा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक, ओटीपी या बैंकिंग जानकारी साझा न करें। किसी भी साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक ठाकुर गौरव सिंह, निरीक्षक संजय उर्सा सहित कई पुलिसकर्मियों का याेगदान रहा।







