ChhattisgarhCrimeRegion

वन विभाग की टीम पर हमला करने वाले 4 गिरफ्तार, 1 फरार

Share

जगदलपुर। जिले के थाना कोतवाली के संजय बाजार में अवैध रूप से तोते के बच्चों की बिक्री के दौरान वन विभाग की टीम पर हमला किए जाने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है जिसकी तलाश जारी है। वनमण्डलाधिकारी बस्तर के निर्देश पर उपवनमण्डलाधिकारी जगदलपुर द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। साथ ही आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। अवैध तोता व्यापार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और वीडियो साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि वन विभाग को 27 अप्रैल की दोपहर लगभग 12 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि संजय मार्केट में वन्यप्राणी तोते के बच्चों की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही परिक्षेत्र अधिकारी कोलेंग एवं उडऩदस्ता प्रभारी के नेतृत्व में निदेशक कांगेर घाटी नेशनल पार्क के मौखिक निर्देश पर टीम गठित कर मौके पर पहुंची। सत्यापन के दौरान सब्जी विक्रेता विक्रम मजूमदार के पास से 15 तोते बरामद किए गए, जिनमें 14 प्लम हेडेड पैराकीट तथा 1 रोज रिंग पैराकीट शामिल थे। वन विभाग की टीम द्वारा विधिवत जप्ती की कार्रवाई की जा रही थी, तभी आरोपी ने भीड़ एकत्रित कर जांच दल प्रमुख अक्षय कश्यप पर हमला कर दिया और बरामद तोते के बच्चों को लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस विभाग को दी गई।
कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि वन विभाग के जांच दल प्रमुख अक्षय कश्यप की शिकायत पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने घटना के शुरुआती घंटों में ही कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो अन्य आरोपियों को आज गुरूवार को पकड़कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। एक आरोपी अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button