राज्योत्सव 2025 में 34 व्यक्तियों को मिलेगा राज्य अलंकरण

रायपुर। नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव 2025 के अंतिम दिन राज्य अलंकरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष कुल 34 व्यक्तियों और संस्थाओं को उनके विभिन्न क्षेत्रों में योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने मीडिया से बातचीत में राज्य अलंकरण प्राप्तकर्ताओं की सूची साझा की।
इस साल शहीद वीर नारायण सिंह सम्मान दिनेश सिन्हा को आदिवासी चेतना के क्षेत्र में, यति यतनलाल सम्मान भारतीय कुष्ठ निवारक संघ को अहिंसा और गौ रक्षा के लिए, और खेल क्षेत्र में गुंडाधूर सम्मान रेवती साहू को दिया जाएगा। महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में मिनीमाता सम्मान भिलेश्वरी साहू को, सामाजिक चेतना के लिए गुरु घासीदास सम्मान पुनऊराम जांगड़े और डॉ. शिवनारायण मण्डले को, तथा सहकारिता के लिए ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार कृषि साख सहकारी समिति को प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा भाषा, साहित्य और मीडिया के क्षेत्र में हाजी हसन अली सम्मान चांदनी साहू को, महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान डॉ. रेखा कटकर को, पं. सुंदरलाल शर्मा सम्मान विनोद कुमार वर्मा को, प्रिंट मीडिया (हिंदी) पत्रकारिता पुरस्कार डॉ. संदीप कुमार तिवारी को, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया (हिंदी) पुरस्कार डॉ. राजेश कुमार वर्मा को और प्रिंट मीडिया (अंग्रेजी) पुरस्कार अभिषेक शुक्ला को दिया जाएगा।
कला और संस्कृति के क्षेत्र में किशोरी मोहन त्रिपाठी पुरस्कार सुनील सोनी, लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान राकेश तिवारी, लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार डॉ. विनोद कुमार वर्मा और संस्कृति सम्मान डॉ. बाबू भाई त्रिपाठी को प्रदान किया जाएगा। यह समारोह राज्य के सांस्कृतिक, सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को पहचानने और सम्मानित करने का प्रमुख अवसर है।





