लक्ष्मीबाई नगर से 31.86 ग्राम MD बरामद, दो भाइयों पर NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज

इंदौर में क्राइम ब्रांच ने नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है। लक्ष्मीबाई नगर मेन रोड स्थित मालवा रेडीमेड क्लस्टर के सामने टीम ने दो भाइयों, कमललाल मेघवाल और नरेंद्रलाल मेघवाल को रंगे हाथ MD के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 31.86 ग्राम MD बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 3 लाख 20 हजार रुपए बताई जा रही है। आरोपियों ने मादक पदार्थ अपनी होंडा दोपहिया गाड़ी की सीट में छुपा रखी थी। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक दोपहिया वाहन और दो वीवो मोबाइल फोन भी जब्त किए, जिनकी कुल कीमत लगभग 4 लाख 50 हजार रुपए है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे सस्ते दाम में MD खरीदकर इंदौर में नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर बेचने की योजना बना रहे थे। इस मामले में अपराध क्रमांक 14/2026 के तहत धारा 8/22 NDPS एक्ट में केस दर्ज किया गया है और पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई और शहर में किन लोगों तक सप्लाई की जानी थी।







