3.50 करोड़ ज्वेलरी लूट यूपी से चार आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर के राजकिशोर नगर में सराफा कारोबारी संतोष तिवारी से 17 फरवरी की रात लूटे गए करीब 3.50 करोड़ रुपये के जेवरात और नकदी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सूत्रों के अनुसार, चार संदिग्धों को अहरौरा थाना क्षेत्र से हिरासत में लिया गया है और बिलासपुर पुलिस टीम उन्हें लेकर लौट रही है। जानकारी के मुताबिक, संतोष तिवारी की वसंत विहार चौक स्थित महालक्ष्मी ज्वेलरी शॉप है और घटना की रात वे दुकान बंद कर सोने के आभूषण व नकदी कार से घर लौट रहे थे, तभी बीएसएनएल ऑफिस गली के पास एक सफेद कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। कार से उतरते ही हथियारबंद बदमाशों ने उन पर हमला कर सिर पर चोट पहुंचाई और करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये के आभूषण, साढ़े तीन लाख रुपये नकद तथा उनकी कार लेकर फरार हो गए। लुटेरे वारदात के बाद गाड़ियां बदलते हुए उत्तर प्रदेश की ओर भागे। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और पुराने सुरागों के आधार पर, उत्तर प्रदेश एटीएस की मदद से आरोपियों को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि गिरोह ने छह माह तक इलाके की रेकी की थी। आरोपियों को बिलासपुर लाने के बाद मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।







