बस्तर के 28 हजार छात्रों को मिलेगा श्रेणी सुधार का मौका

जगदलपुर। बस्तर संभाग के उन हजारों छात्रों के लिए राहत की खबर है, जो बोर्ड परीक्षा में एक या दो विषयों में सफल नहीं हो पाए। माध्यमिक शिक्षा मंडल 4 मई से दूसरी मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर रहा है। इसके जरिए संभाग के करीब 28 हजार से अधिक छात्र अपना साल बचा सकेंगे।
माध्यमिक शिक्षा मंडल के निर्देशों के अनुसार 10वीं-12वीं की इस अवसर परीक्षा के लिए 30 मई तक ऑनलाइन फॉर्म भरे जा सकेंगे। इसमें केवल सामान्य परीक्षा शुल्क देना होगा। खास बात यह है कि इस परीक्षा में वे सभी छात्र बैठ सकते हैं, जिन्होंने पहली मुख्य परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। नियमित छात्र अपने स्कूल जाकर सीधे आवेदन कर सकते हैं। इसमें 10वीं के 1,995, 12वीं के 26,772 छात्र जो एक या दो विषयों में अनुत्तीर्ण हैं, उनके साथ कम नंबरों से पास 10वीं के 388 थर्ड डिवीजन, 10317 सेकंड डिवीजन छात्र अपना रिजल्ट सुधारने के लिए फिर से परीक्षा दे सकते हैं। यह परीक्षा न केवल छात्रों का साल खराब होने से बचाएगी, बल्कि उन्हें अपनी श्रेणी सुधारने का भी मौका देगी। इससे विद्यार्थियों को रिजल्ट सुधारने के लिए मौका मिल पाएगा।







